भोपाल : मध्यप्रदेश लगभग 15 दिनों से भीषण ठंड का दौर जारी है. प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में हालात और भी बुरे हैं जहां ठंड और कोहरे की डबल मार झेलनी पड़ रही है. सोमवार 12 जनवरी को ग्वालियर-चंबल संभाग में घना कोहरा छाया रहा. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान दतिया में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
बड़े शहरों में भी भीषण ठंड
बात करें मध्य प्रदेश के 5 बड़े शहरों की तो ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, भोपाल में 9 डिग्री, इंदौर में 9.6 डिग्री, उज्जैन में 9.4 डिग्री और जबलपुर में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
अधिकांश जिलों में 10 डिग्री के नीचे पारा
बात करें पूरे प्रदेश की तो मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया जा रहा है. राजगढ़ और पचमढ़ी में 5.6 डिग्री, मंडला में 5.9 डिग्री, खजुराहो में 6.5 डिग्री, नौगांव, शिवपुरी और रीवा में 7 डिग्री तापमान दर्द किया गया.
ठंड ने तोड़े कई रिकॉर्ड
मध्यप्रदेश में इस बार की ठंड ने कई रिकॉर्ड तोड़े हैं. भोपाल में नवंबर के महीने में 84 साल बाद इतनी ज्यादा ठंड पड़ी तो वहीं दिसंबर में 25 साल का रिकॉर्ड टूटा.
इस बार नहीं हुई मावठे की बारिश
पिछले 10 साल के आकड़ों के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से दिसंबर के अंत या जनवरी में मावठे की बारिश होती है. हालांकि, अबतक प्रदेश में कही भी मावठे की बारिश नहीं हुई है. कुछ जिलों में घने बादल के साथ तापमान में बढ़त देखी गई लेकिन बारिश नहीं हुई.

