• Fri. Jul 17th, 2026

News Hindustan 24x7

सिर्फ सच...

Bhopal Metro Day1 : सुबह 9 बजे आम जनता के लिए शुरू हुई भोपाल मेट्रो, सफर कर गदगद हुए लोग

ByNewsHindustan24x7 Team

Dec 21, 2025
bhopal metro day 1

भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो ट्रेन की शुरुआत हो गई है. शनिवार 20 दिसंबर को शुभारंभ के बाद आज 21 दिसंबर को इसे आम जनता के लिए शुरू कर दिया गया है. मेट्रो ट्रेन का कमर्शियल रन रविवार सुबह 9 बजे एम्स स्टेशन से हुआ, यहां पहले फेरे में  मेट्रो में करीब 100 से ज्यादा लोगों ने सफर किया जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सब शामिल थे.

मेट्रो ट्रेन के हर अनाउंसमेंट के साथ चेहरे पर खुशी

मेट्रो में पहली बार सफर कर रहे लोगों के अंदर इसमें ट्रेवल करने को लेकर गजब का उत्साह था. मेट्रो एम्स से शुरू हुई तो हर स्टेशन और अंतिम स्टेशन की पूरी जानकारी डिस्प्ले पर नजर आ रही थी. वहीं, जैसे-जैसे अगले स्टेशन का अनाउंसमेंट होता, लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ जाती. मेट्रो अलकापुरी, डीआरएम, RKMP और एमपी नगर स्टेशन से आगे बढ़ी तो अनाउंसमेंट हुआ, अगला स्टेशन बोर्ड ऑफिस है… दरवाजे बाईं ओर खुलेंगे…कृपया दरवाजों से हटकर खड़े हों और प्लेटफॉर्म व दरवाजे के अंतर का ध्यान रखें.”

bhopal metro launch
सीएम मोहन यादव व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया शुभारंभ

मेट्रो ट्रेन वाला देश का 26वां शहर बना भोपाल

मेट्रो ट्रेन की शुरुआत के साथ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल मेट्रो ट्रेन वाला देश का 26वां शहर बन गया. इसी साल मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में भी मेट्रो ट्रेन का कमर्शियल रन प्रारंभ हुआ था. इंदौर मेट्रो के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भोपाल से वर्चुअली हरी झंडी दिखाई थी. भोपाल मेट्रो का शनिवार को  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्‌टर ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया. पहले माना जा रहा था कि पीएम मोदी भी इस कार्यक्रम में वचुअली जुड़ेंगे पर असम व बंगाल दौरे की वजह से ऐसा संभव नहीं हुआ.

हालांकि, भोपाल में उद्घाटन समारोह के दौरान पीएम मोदी का जनता के नाम संदेश चलाया गया, जिसमें उन्होंने भोपाल वासियों और प्रदेश वासियों को मेट्रो ट्रेन के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं.