जबलपुर. शहर से 40 किमी दूर बरगी डैम के बैक वॉटर में बड़ा हादसा हो गया है. यहां गुरुवार शाम तेज तूफान के दौरान बरगी के बैक वॉटर में पर्यटकों से भरा एक क्रूज शिप पलट गया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई है. 1 मई शाम 4 बजे तक क्रूज में सवार 41 लोगों में से 28 को बचा लिया गया है, जबकि 9 के शव बरामद हुए हैं और बाकी लापता हैं.हादसे से ठीक पहले के फोटोज और वीडियोज भी सामने आए हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि अचानक डैम का पानी समुंदर की लहरों जैसा खतरनाक हो जाता है. इससे पहले पर्यटक क्रूज पर मस्ती करते दिखते हैं और उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं होता कि कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो जाएगी. इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख जताया है.

घटनास्थल पर बरगी पुलिस के साथ एसडीईआरएफ की टीम पहुंच गई थीं, जिसके बाद सेना ने भी मोर्चा संभाला और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा. बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम जबलपुर में अचानक मौसम बदला और 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं, इससे बरगी के बैक वॉटर में चल रहा क्रूज खमरिया टापू के पास अनियंत्रित होकर डूब गया.
बरगी डैम पर रेस्क्यू जारी
हादसे की सूचना मिलते ही सबसे पहले स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची थी और गुरुवार को ही डैम के बैक वॉटर से 4 शव बरामद कर लिए थे. वहीं, शुक्रवार सुबह 5 घंटे में 5 और शव बरामद किए. इस दौरान माहौल तब गमगीन हो गया जब एक मां और बेटे का शव एकसाथ निकला. मां ने 4 साल के बेटे को बचाने के लिए उसे लाइफ जैकेट के साथ जकड़ लिया था और अंतिम समय तक उसे सीने से लगाई रही. जब दोनों के शव बाहर निकले तो मौके पर मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं. खुद मंत्री राकेश सिंह इस दृश्य को देखकर रो पड़े. क्रूज बाहर निकाला जा चुका है पर अभी भी 4 लोगों की पानी में तलाश जारी है.

कलेक्टर एसपी पहुंचे बरगी डैम
बरगी डैम में क्रूज पलटने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन व पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और कलेक्टर राघवेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए थे. अंधेरा व तेज हवाओं के कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही थी. डैम के पानी में तेज लहरें थी, जिसमें गोताखोर बड़ी सर्च लाइट लेकर उतरे थे.

बरगी डैम हादसे पर सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बरगी डैम हादसे पर कहा, ”आज जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए दुखद क्रूज हादसे को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है. लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जी, पर्यटन मंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जी, संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है. जो लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है. संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूर्ण संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है. ”
जीतू पटवारी ने घटना पर उठाए सवाल
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया और कहा, ” जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज पलटने से 4 लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।.यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।.जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.”
खमरिया क्षेत्र का एक पूरा परिवार था क्रूज में
रिपोर्ट्स के मुताबिक बरगी डैम के बैक वॉटर में क्रूज पर ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया का एक पूरा परिवार सवार था. हादसे के बाद परिवार के एक सदस्य का शव मिला है, जबकि बाकी सभी लापता हैं.
मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बरगी डैम पहुंचकर हादसे की जानकारी ली. उन्होंने कहा, ” घटना बेहद पीड़ादायक है. फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता लापता लोगों को खोजना और सुरक्षित बचाना है. घटना की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं.”
