मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने और उनके साथ शारीरिक छेड़छाड़ करने के मामले पर पीएम मोदी का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को संसद के मानसून सत्र के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ‘मेरा हृदय आज पीड़ा से भरा है, क्रोध से भरा है। मणिपुर की घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद शर्मसार करने वाली घटना है। पाप करने वाले कितने हैं और कौन हैं ये अपनी जगह है पर इससे पूरे देश की बेज्जती हो रही है।
मणिपुर की घटना से 140 करोड़ भारतीय शर्मसार
पीएम मोदी ने मणिपुर की घटना पर आगे कहा कि इस घटना से 140 करोड़ भारतीयों को शर्मसार होना पड़ा है। मैं सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कहना चाहता हूं कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करें। माताओं-बहनों की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाएं। पीएम ने कहा कि किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा। मणिपुर की बेटियों के साथ जो हुआ, उसे कभी भी माफ नहीं किया जा सकता।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi says, "…I assure the nation, no guilty will be spared. Law will take its course with all its might. What happened with the daughters of Manipur can never be forgiven." pic.twitter.com/HhVf220iKV
— ANI (@ANI) July 20, 2023
क्या है मणिपुर मामला?
दरअसल, मणिपुर में जातीय हिंसा की आग भड़क रही है। कई दिनों से जारी इस हिंसा में पुरुषों की भीड़ ने कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया और उनके प्राइवेट पार्ट्स से छेड़छाड़ कर वीडियो भी बनाया। मामला 4 मई का राजधानी इंफाल से लगभग 35 किलोमीटर दूर कांगपोकपी जिले का बताया जा रहा है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे देश में बवाल मच गया।
