रीवा. संभागायुक्त शीलेंद्र सिंह ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क, पुल और सरकारी भवनों के निर्माण कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी. जो ठेकेदार कार्यों में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं या अधूरे निर्माण छोड़ रहे हैं, उनके खिलाफ पेनाल्टी लगाने की कार्रवाई प्राथमिकता से की जाए. गुरुवार को कमिश्नर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में एक करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.
बैठक से गैरहाजिर अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा बैठक में सतना और सिंगरौली के लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्रियों (ईई) की अनुपस्थिति पर संभागायुक्त ने नाराजगी जताई. उन्होंने दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और भविष्य में समीक्षा बैठकों को गंभीरता से लेने की हिदायत दी.
हाउसिंग बोर्ड की परियोजनाएं जल्द पूरी करने के निर्देश
संभागायुक्त ने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को 6 सी टाइप भवन, 12 ई टाइप भवन, मार्तंड क्रमांक-2 विद्यालय में छह नए कक्षों के निर्माण सहित 16 एफ टाइप, 48 जी टाइप, 1 डी टाइप और 48 एच टाइप आवासीय भवनों का निर्माण तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे ठेकेदारों से नियमित संपर्क बनाए रखें और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न होने दें.
रीवा शहर की कई परियोजनाएं हुईं पूरी
बैठक में जानकारी दी गई कि रीवा के सिरमौर चौक पर 48 दुकानों का निर्माण, सिविल लाइन क्षेत्र में हॉकर्स जोन और पार्क, जिला चिकित्सालय में ओपीडी एवं धर्मशाला निर्माण, परिसर विकास कार्य तथा वेंकट क्लब के नए भवन का निर्माण पूरा कर संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया है.
आरओबी, फ्लाईओवर और पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
संभागायुक्त ने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम को निर्माणाधीन आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) और वीयूपी (व्हीकल अंडरपास) के शेष कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए.उन्होंने एनएच-75 ई के सीधी-सिंगरौली खंड, भरतपुर-भैंसरहा से गोविंदगढ़-जिगना मार्ग के निर्माण कार्य को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया. ब्रिज कॉर्पोरेशन की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने रीवा शहर के ढेकहा फ्लाईओवर, खड्डा-मुड़ियारी मार्ग पर बीहर नदी पुल, केरहा घाट पुल, नैना नदी पुल और काकरघाट स्थित बीहर नदी पुल के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए.
सीएम राइज स्कूलों के निर्माण पर भी फोकस
बैठक में मैहर, अमरपाटन, नागौद और रामनगर में निर्माणाधीन सीएम राइज (सांदीपनि) स्कूलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई. संभागायुक्त ने पीआईयू अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट की कमी के कारण किसी भी परियोजना का काम प्रभावित नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी.
