विदिशा. आगामी त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए विदिशा जिले में कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रुचि वर्धन मिश्र ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्व और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय, नियमित संवाद और संयुक्त फील्ड विजिट को प्राथमिकता दी जाए.
संयुक्त कार्यशैली से मजबूत होगी कानून व्यवस्था
संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि किसी भी जिले में बेहतर प्रशासन तभी संभव है, जब राजस्व और पुलिस विभाग एक टीम की तरह काम करें. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे रोजाना आपसी संवाद बनाए रखें और संयुक्त रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण करें. इससे स्थानीय समस्याओं की समय रहते पहचान होगी और संभावित विवादों का समाधान पहले ही किया जा सकेगा.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं.
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
बैठक में संवेदनशील इलाकों की लगातार मॉनिटरिंग, आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और शांति समितियों के माध्यम से स्थानीय लोगों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया. साथ ही बड़े धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.
आईजी ने कहा- पहले से तैयारी होगी तो हालात रहेंगे नियंत्रण में
आईजी रुचि वर्धन मिश्र ने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए केवल घटना के समय सक्रिय होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पहले से तैयारी करना सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहें, संवेदनशील स्थानों की निगरानी करें और जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों से नियमित संवाद बनाए रखें.
उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने और प्रशासन-पुलिस के संयुक्त प्रयासों से किसी भी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है. इससे जनता का प्रशासन पर भरोसा भी मजबूत होता है.
एसपी ने साझा की सुरक्षा तैयारियों की जानकारी
बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति, संवेदनशील क्षेत्रों और अब तक किए गए सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी. उन्होंने आगामी पर्वों को लेकर पुलिस की कार्ययोजना और सुरक्षा रणनीति से भी अधिकारियों को अवगत कराया.
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में कलेक्टर अंशुल गुप्ता, अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व अधिकारी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को और मजबूत करना रहा.
