इंदौर : रायपुर जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E7295 को आधे घंटे की फ्लाइट के बाद फिर इंदौर में उतारा गया है. इंदौर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के करीब आधे घंटे बाद पायलट को विमान में तकनीकी खराबी के संकेत मिले थे, जिसके बाद इंदौर में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. रायपुर जा रही इस फ्लाइट को सुरक्षा कारणों के चलते फिलहाल कैंसिल कर दिया गया है.
सुबह 6.30 पर किया था इंदौर से टेकऑफ
इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक उड़ान संख्या 6E7295 ने आज सुबह 6:30 बजे रायपुर के लिए उड़ान भरी थी. इस दौरान कथित तौर पर ज्यादा टर्ब्यूलेंस होने और कुछ अलार्म सिग्नल्स की वजह से पायलट ने फ्लाइट को वापस इंदौर लाने का अनाउंसमेंट किया. इसके बाद सुबह 7:15 बजे फ्लाइट को बीच रास्ते से मोड़कर इंदौर में सुरक्षित लैंड कराया गया.

रोजाना दो घंटे में रायपुर पहुंचती है फ्लाइट
गौरतलब है कि इंडिगो की फ्लाइट 6E 7295 रोजाना सुबह 6:35 बजे इंदौर से टेकऑफ कर लगभग 2 घंटे में सुबह 8:30 बजे रायपुर पहुंचती है. इसके बाद यही फ्लाइट 6E 7296 रायपुर एयरपोर्ट से सुबह 10:30 बजे उड़ान भरकर दोपहर करीब 12 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर वापस आती है.
गलत तकनीकी संकेत के बाद लैंडिंग
इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक उड़ान के दौरान पायलट को फॉल्स अलार्म यानी गलत तकनीकी संकेत मिले थे, जिसके बाद फ्लाइट को बीच रास्ते से ही वापस इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया है. यात्रियों को फ्लाइट से ऑफ लोड कर दिया गया. सभी को रीफंड और दूसरी फ्लाइटों के विकल्प दिए गए हैं.
15 दिन पहले रनवे से लौटी थी फ्लाइट
इससे पहले 23 जून को इंदौर से भुवनेश्वर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6332 को तकनीकी खराबी के चलते रनवे पर ही रोक दिया गया था. इस फ्लाइट में 80 से ज्यादा पैसेंजर्स सवार थे. बता दें कि अहमदाबाद में एयर इंडिया फ्लाइट क्रैश की घटना के बाद फ्लाइट्स की सुरक्षा को लेकर सख्ती भी बरती जा रही है. हालांकि, इस दौरान देश भर में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी और इमरजेंसी लैंडिंग के मामले तेजी से बढ़े हैं.
