• Sat. Jun 6th, 2026

News Hindustan 24x7

सिर्फ सच...

जबलपुर में चल समारोह के दौरान फायरिंग, दो पक्षों में टकराव

कांचघर चल समारोह विवाद जबलपुरकांचघर चल समारोह विवाद जबलपुर

जबलपुर. शहर के कांचघर क्षेत्र में देर रात झड़प की स्थिति निर्मित हो गई जब भाजपा और कांग्रेस समर्थकों का आमना सामना हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चल समारोह के दौरान हवाई फायरिंग भी हुई. मामला बिगड़ता देख जबलपुर एसपी सहित कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात काबू पर किया.

पुलिस ने नहीं की गोली चलने की पुष्टि

स्थानीय लोग भले ही यहां गोली चलने की बात कह रहे हैं लेकिन पुलिस ने फायरिंग होने की पुष्टि नहीं की. घटना रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक विधायक लखन घनघोरिया और पूर्व विधायक अंचल सोनकर के समर्थक चल समारोह के दौरान किसी बात पर आपस में भिड़ गए थे, जिससे हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई.

दुर्गा प्रतिमा के पूजन को लेकर विवाद

दरअसल, शुक्रवार रात कांचघर में चल समारोह जारी था. इस दौरान पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता अंचल सोनकर का मंच यहां बना हुआ था. वहीं कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया के कार्यकर्ताओं ने भी यहां अलग मंच बना रखा था. इसी दौरान एक दुर्गा प्रतिमा यहां पहुंची, जिनके पूजन को लेकर विधायक और पूर्व मंत्री समर्थकों में विवाद हो गया, इस बीच कथित तौर पर एक व्यक्ति ने हवाई फायर कर दिया.

जमकर हुई मारपीट, कुर्सियों से हमला

इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडियो पर वायरल हुए हैं. दावा किया जा रहा है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और कुर्सियों से हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल भी हुए हैं. देर रात हुए हंगामा को जैसे तैसे पुलिस बल ने शांत कराया. वहीं मौके पर पड़ी टूटी कुर्सियां और मंच का सामान बिखरा रहा.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने इस घटना को लेकर कहा, जानकारी मिली थी कि कांचघर चल समारोह के दौरान भारी भीड़ सड़क पर एकत्रित हो गई है, और किसी तरह का विवाद भी हो रहा है, जिसके बाद अधिकारियों के साथ कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंचा और विवाद को शांत करवाया. मामले में आगे जांच की जा रही है कि ऐसी स्थिति क्यों बनी.