इंदौर : सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के न्यायाधीशों के लिए गेस्ट हाउस बनाया जाएगा, जहां वे आराम कर सकेंगे. ये घोषणा की है मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने. रविवार को इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रेसीडेन्सी कोठी परिसर में गेस्ट हाउस का शिलान्यास भी किया. इस मौके पर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति जे. के. माहेश्वरी, न्यायमूर्ति एस.सी.शर्मा, हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत, उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति व निर्माण समिति के चेयरमैन संजीव सचदेवा भी मौजूद रहे.

शिलान्यास समारोह में उच्च न्यायालय के एडमिनिस्ट्रेटिव जज विवेक रुसिया,उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल धर्मेन्द्र सिंह, न्यायामूर्ति आनंद पाठक सहित उच्च न्यायालय के न्यायामूर्ति व एडवोकेट विशेष रूप से उपस्थित थे. इस मौके पर नगरीय प्रशासन व आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, संभागायुक्त दीपक सिंह, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.
